google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जनजाति गौरव वर्ष के कार्यक्रमों की तैयारियां तेज — 1 से 15 नवम्बर तक होगा राज्यभर में आयोजन

पाली : भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में 1 नवम्बर से 15 नवम्बर तक “जनजाति गौरव वर्ष” के तहत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर गुरुवार को जिला परिषद सीईओ के कक्ष में जनजाति गौरव वर्ष “धरती आबा” की तैयारी बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी ने की।

बैठक में चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का प्रेरणादायी जीवन जन-जन तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग मिलकर कार्य करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाए ताकि जिले में जनजातीय गौरव और संस्कृति का संदेश प्रभावी ढंग से प्रसारित हो।

उन्होंने बताया कि इस विशेष पखवाड़े के दौरान आदि हाट वन धन केंद्रों एवं जनजाति कलाकारों के उत्पादों का प्रदर्शन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं, कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम, ग्रामीण सेवा शिविर और विभिन्न कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन सभी गतिविधियों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे ताकि हर आयोजन का समुचित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

सीईओ चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और भामाशाहों की सहभागिता से कार्यक्रमों को सफल बनाया जाए। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों में नवाचारों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

बैठक में नगर परिषद आयुक्त नवीन भारद्वाज, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक राजेश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रमों की श्रृंखला भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को समर्पित होगी, जो समाज में जागरूकता, आत्मगौरव और जनजातीय एकता का संदेश देने का माध्यम बनेगी।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button