
पाली : जिला मुख्यालय पाली में रविवार को ग्राम विकास अधिकारी (VDO) भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। शहर के 20 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6168 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 5195 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 973 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह परीक्षा में 84.23 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा के दौरान नकल या किसी अन्य गड़बड़ी का कोई मामला सामने नहीं आया।
सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। बांगड़ स्कूल, बालिया स्कूल, बांगड़ कॉलेज सहित सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच के बाद प्रवेश दिया गया। प्रवेश से पहले वीडियोग्राफी और बायोमैट्रिक जांच की गई, जिससे परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। सबसे ज्यादा भीड़ बांगड़ कॉलेज परीक्षा केंद्र पर देखने को मिली, जहां अभ्यर्थी सुबह से ही लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।

परीक्षा के दौरान एक दिलचस्प नजारा बालिया स्कूल परीक्षा केंद्र पर देखने को मिला — जहां एक दूल्हा भी परीक्षा देने पहुंचा।
पाली शहर के इंद्रा कॉलोनी निवासी प्रवीण नवल पुत्र किशनचंद नवल अपने विवाह से कुछ दिन पहले ही एग्जाम देने पहुंचे। परीक्षा केंद्र पर उसकी माला, कटार आदि उतारने के बाद उसे प्रवेश दिया गया।
प्रवीण ने बताया कि उसकी बारात 4 नवम्बर को पाली जिले के सिरियार गांव जाएगी। उसने कहा, “शादी अपनी जगह है, लेकिन परीक्षा तो जीवन का सवाल है। दो साल से तैयारी की है, इसलिए परीक्षा देना जरूरी था।” प्रवीण ने एमकॉम तक की पढ़ाई कर रखी है और पिछले डेढ़ साल से जयपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग ले रहा था। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद रहे। हर केंद्र पर सुरक्षा, अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित की गई।



