पाली : एक भारत, आत्मनिर्भर भारत पदयात्रा की तैयारी शुरू, 7 नवम्बर को जिला मुख्यालय से निकलेगी पदयात्रा

पाली : सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर पाली जिले में “एक भारत, आत्मनिर्भर भारत” के तहत जिला स्तरीय विकसित भारत पदयात्रा का आयोजन 7 नवम्बर को किया जाएगा। इस अवसर पर जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने सोमवार को जिला कलक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की रूपरेखा और गतिविधियों की जानकारी दी।
कलक्टर मंत्री ने कहा कि भारत के लौह पुरुष सरदार पटेल ने जिस एकता और दृढ़ संकल्प से देश को जोड़ा, उसी भावना को आगे बढ़ाने के लिए यह पदयात्रा आयोजित की जा रही है। यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार पूरे देश में किया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, जिम्मेदारी और एकता की भावना को मजबूत करना है।

जिला मुख्यालय पाली में 7 नवम्बर 2025 को प्रातः 9 बजे से पदयात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा स्वामी विवेकानंद सर्कल से शुरू होकर अहिंसा सर्कल, शिवाजी सर्कल होते हुए राजकीय बांगड़ कॉलेज परिसर में समाप्त होगी।
पदयात्रा में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड, मेरा युवा भारत संगठन, शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग के विद्यार्थी, सामाजिक संगठन व आमजन बड़ी संख्या में भाग लेंगे। यात्रा के दौरान “अनेकता में एकता” थीम पर देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी होगा।
नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक राजेंद्र जाखड़ ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में “हर युवा सरदार को जाने” विशेष पहल के तहत निबंध, वाद-विवाद, संगोष्ठी और ऑनलाइन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। 15 से 29 वर्ष के युवा 25 नवम्बर तक माय भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन निबंध प्रतियोगिता और राष्ट्रीय रील प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। शीर्ष प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर “विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026” में सम्मानित किया जाएगा।

जिले की दूसरी पदयात्रा 13 नवम्बर को बाली ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित की जाएगी, जिसके नोडल अधिकारी अति. जिला कलक्टर बाली होंगे।
वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर 26 नवम्बर से 6 दिसम्बर 2025 तक 150 किमी लंबी पदयात्रा सरदार पटेल के जन्मस्थान करमसद से एकता नगर (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी) तक निकाली जाएगी।
इस अवसर पर जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने “एक भारत, आत्मनिर्भर भारत” अभियान का पोस्टर विमोचन किया। कार्यक्रम में एडीएम डॉ. बजरंग सिंह, पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा, सुनील भंडारी, त्रिलोक चौधरी, डीआर चौधरी व मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।



