पाली जिले में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान जारी, 4 दिसंबर तक घर-घर पहुंच रहे बीएलओ, 7 फरवरी 2026 को होगा अंतिम प्रकाशन

पाली : भारत निर्वाचन आयोग, निर्वाचन विभाग जयपुर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर एल.एन. मंत्री के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (Special Summary Revision – SSR 2026) गुरुवार को भी पूरी सक्रियता से जारी रहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एल.एन. मंत्री ने बताया कि अभियान के तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) द्वारा घर-घर जाकर ई-फॉर्म (मतदाता परिगणना पत्र) का वितरण एवं संग्रहण कार्य किया जा रहा है। बीएलओ नागरिकों को मतदाता सूची अद्यतन प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं और सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि यह कार्य 4 दिसंबर 2025 तक जारी रहेगा। इस अवधि में बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर तीन बार तक जाकर फार्म भरने में सहायता करेंगे। इसके बाद 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, ईआरओ/एईआरओ द्वारा सुनवाई एवं सत्यापन प्रक्रिया 9 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक चलेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे घर आए बीएलओ को पूरा सहयोग दें, अपने नवीनतम फोटो, पहचान पत्र और निवास प्रमाण तैयार रखें, ताकि पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध रूप से पूरा हो सके।




