google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : निकली एकता मार्च पदयात्रा, युवाओं ने सरदार पटेल की जयंती पर दिखाई देशभक्ति की एकता, आत्मनिर्भर भारत की शपथ ली

पाली : भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार, जिला प्रशासन व मेरा युवा भारत पाली के संयुक्त तत्वावधान में भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में एकता मार्च पदयात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद सर्कल पर सरदार पटेल की प्रतिमा पर अतिथियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। मुख्य अतिथि केबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “सरदार पटेल ने जिस दृढ़ता और संकल्प से भारत को एक सूत्र में पिरोया, वह आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमें भी उसी लौह पुरुष जैसी इच्छाशक्ति के साथ आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।”

उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित युवाओं को ‘आत्मनिर्भर भारत’ की शपथ दिलाई।
पदयात्रा को मंत्री कुमावत, जिला कलक्टर एल. एन. मंत्री, पुलिस अधीक्षक आदर्श सिंधू, प्रधान मोहनी देवी पटेल, पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा और सुनिल भण्डारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

एकता मार्च स्वामी विवेकानंद सर्कल से शुरू होकर अहिंसा सर्कल, सूरजपोल, शिवाजी सर्कल होते हुए बांगड़ कॉलेज परिसर में संपन्न हुई।
मार्च के दौरान युवाओं ने विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से “अनेकता में एकता” का संदेश दिया।

युवतियों द्वारा आत्मरक्षा प्रदर्शन ने महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण पेश किया।
कार्यक्रम में एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड, आईटीआई, उच्च शिक्षा विभाग, मेरा युवा भारत संगठन तथा सैकड़ों युवाओं व आमजन ने भाग लिया।
मार्च के दौरान तिरंगे झंडे और संदेश पट्टिकाओं के माध्यम से सरदार पटेल के कार्यों व उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया गया।

बांगड़ कॉलेज में आयोजित समापन समारोह में पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख ने युवाओं को संबोधित किया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रभा ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई और पुरस्कार वितरण किया।
जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने “युवा पटेल को जानें” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित निबंध प्रतियोगिता के जिला स्तरीय विजेताओं को सम्मानित किया।

इस अवसर पर देवीलाल, डी.आर. चौधरी, भंवरलाल सैंचा, कन्हैयालाल ओझा, जिला शिक्षा अधिकारी राहुल राजपुरोहित, जिला खेल अधिकारी लहरीदास वैष्णव, एनएसएस समन्वयक डॉ. महेन्द्र कुमार, बांगड़ कॉलेज प्राचार्य डॉ. महेन्द्र सिंह, एनसीसी प्रभारी प्रो. रामेश्वर चौधरी सहित कई अधिकारी, विद्यार्थी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी प्रभारी सत्यनारायण राजपुरोहित ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन मेरा युवा भारत के भंवरसिंह राजपुरोहित ने किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button