पाली में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान: बूथ लेवल अभिकर्ताओं को दिया विशेष प्रशिक्षण, सही व स्वच्छ सूची निर्माण पर जोर

पाली : लोकतंत्र को सशक्त बनाने और मतदाता सूची को त्रुटि रहित बनाने की दिशा में निर्वाचन विभाग ने विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत सोमवार को पाली एवं रोहट पंचायत समिति सभागारों में बूथ लेवल अभिकर्ताओं (BLA) का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया।
कार्यक्रम में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि निर्वाचन विभाग द्वारा मतदाता सूची को अद्यतन व सही बनाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बीएलए को मतदाता सूची से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं की गहन जानकारी दी गई।
पाली और रोहट दोनों स्थानों पर हुआ प्रशिक्षण सत्र
रोहट पंचायत समिति सभागार में मास्टर ट्रेनर आनंद किशोर लोहरा एवं जयपाल सिंह ने सुबह 11 से 12 बजे तक भाग संख्या 1 से 55 तथा दोपहर 12 से 1 बजे तक भाग संख्या 204 से 257 तक के बीएलए को प्रशिक्षण दिया। वहीं पाली पंचायत समिति सभागार में ओमप्रकाश कुमावत और मुकेश जागरीवाल ने भाग संख्या 56 से 203 तक के बूथ अभिकर्ताओं को ऑनलाइन व ऑफलाइन गणना प्रपत्र (S.I.R.) प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उनकी शंकाओं का समाधान किया।

निर्वाचक अधिकारी ने की अपील — “लोकतंत्र के प्रहरी बनें”
उपखंड अधिकारी राणावत ने सभी बूथ लेवल अभिकर्ताओं से अपील की कि वे बी.एल.ओ. का सहयोग करते हुए स्वच्छ और सही मतदाता सूची के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि “हर पात्र नागरिक का नाम सूची में जुड़ना और त्रुटियों का सुधार होना ही लोकतंत्र के प्रति सच्ची सेवा है।”
प्रशिक्षण में रही सक्रिय भागीदारी
प्रशिक्षण सत्र में ललित कुमार दवे, अनिल नामा, रमेश अणकिया, सुरेश व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, राजेश कुमार सैन, सवाई सिंह राजपुरोहित, भवानी सिंह, लोकेश दवे, मनोज रांगी, पारसराम, सुरेश चौधरी, अनिता पारीक सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल अभिकर्ता एवं निर्वाचन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



