तख्तगढ़ को मिली बड़ी सौगात: एक साथ दो शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का शुभारंभ, स्वास्थ्य सेवाओं में आएगी नई ऊर्जा

पाली : विधानसभा क्षेत्र सुमेरपुर के तख्तगढ़ नगरपालिका क्षेत्र को सोमवार को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली। कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत के प्रयासों से दो शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का एक साथ शुभारंभ किया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित होने वाले ये केंद्र खारसियावास और गोगरा-राजपुरा रोड पर खोले गए हैं।
कैबिनेट मंत्री कुमावत ने दोनों आरोग्य मंदिरों का फीता काटकर उद्घाटन किया और कहा कि “प्रदेश सरकार आमजन को घर-घर तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।”
नए आरोग्य मंदिरों के शुरू होने से तख्तगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को अब प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं आसानी से मिलेंगी। इन केंद्रों पर मुफ्त ओपीडी, दवाएं और जांचें उपलब्ध होंगी, जिससे लोगों को छोटी बीमारियों के लिए बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
ये केंद्र निवारक से लेकर उपचारात्मक सेवाओं तक एक विस्तृत श्रृंखला प्रदान करेंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और अधिक सुदृढ़ होगा।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में आयोजित राजस्थान मेडिकल रिलीफ सोसाइटी की बैठक कैबिनेट मंत्री कुमावत की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में सीएचसी की चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत करने के लिए कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए।
बीसीएमओ डॉ. गोविंद सिंह चूड़ावत ने बताया कि भवन की मरम्मत हेतु सार्वजनिक निर्माण विभाग को तकमीना तैयार करने के लिए पत्र भिजवाने का प्रस्ताव पारित किया गया है। साथ ही चिकित्सालय में आवश्यक चिकित्सा सामग्री की खरीद और रिक्त पदों पर संविदा नियुक्तियों का भी निर्णय लिया गया।
इनमें एक असिस्टेंट रेडियोग्राफर, दो कंप्यूटर ऑपरेटर, पांच सुरक्षाकर्मी और एक निश्चेतना विशेषज्ञ (एनएचएम) को संविदा के आधार पर नियुक्त किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कुमावत ने ग्राम पंचायत गलथनी के गांव अणगौर में उप स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का शिलान्यास किया। साथ ही दुजाना और पावा में बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों की शिला पट्टिकाओं का पूजन भी किया गया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक भवन के निर्माण पर लगभग 159 लाख रुपए की लागत आएगी।

इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश आशा सहयोगिनी संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष कंचन मालवीय के नेतृत्व में आशा सहयोगिनी कार्मिकों ने मानदेय में 10 प्रतिशत वृद्धि को लेकर मंत्री कुमावत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने माला पहनाकर, साफा बांधकर और शॉल ओढ़ाकर मंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष ललित रांकावत, उपाध्यक्ष मनोज नामा, पार्षद पारस घांची, मीना रावल, शर्मिला कुमारी, देवाराम चौधरी, सुरेश सुथार, जगदीश दमामी, सुधीर चौधरी, शेषमल कुमावत, मुकेश सुथार, एसडीएम कालूराम कुम्हार, डीवाईएसपी जितेंद्र सिंह, डॉ. एके मौर्य, डॉ. सुरेश चौधरी, डॉ. अनुपम राजपुरोहित, डॉ. नीतू मालवीय, डॉ. विक्रम सिंह, डॉ. कुशल कौशल दिवाकर, नर्सिंगकर्मी और अन्य चिकित्सा स्टाफ मौजूद रहे।



