google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत छात्रों ने ली शपथ, तंबाकू से तबाही तय है, इससे बचें

पाली : जिला प्रशासन और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत गुरुवार को पीएम श्री राजकीय बांगड़ उच्च माध्यमिक विद्यालय, पाली में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान जिलेभर में आगामी 8 दिसम्बर तक संचालित किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. विकास मारवाड़ ने बताया कि इस 60 दिवसीय अभियान के दौरान जिलेभर में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 (COTPA) के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके तहत उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना और चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को तंबाकू से सदैव दूर रहना चाहिए, ताकि वे स्वस्थ और सफल जीवन की ओर अग्रसर हो सकें। इसी उद्देश्य से जिलेभर में जनजागरूकता रैली, मानव श्रृंखला, नारा लेखन, शपथ कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में ए.एन.एम. प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य एवं तंबाकू मुक्ति केंद्र प्रभारी के.सी. सैनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए तंबाकू के दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने पाली जिले की टैगलाइन — “तंबाकू से तबाही तय है, इससे बचें” — पर विस्तृत चर्चा करते हुए विद्यार्थियों से तंबाकू मुक्त वातावरण बनाने का आह्वान किया।

सैनी ने बताया कि तंबाकू सेवन करने वालों में कैंसर और असमय मृत्यु का खतरा कई गुना बढ़ जाता है, इसलिए तंबाकू सेवन करने वाले व्यक्तियों को राजकीय बांगड़ चिकित्सालय में संचालित तंबाकू मुक्ति एवं परामर्श केंद्र पर उपचार हेतु प्रेरित करना चाहिए, जहां उन्हें लत से छुटकारा दिलाया जाता है।

अंत में सभी विद्यार्थियों को जीवनभर तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य बसंत परिहार, शिक्षक संजीव कुमार शर्मा, सत्यनारायण राजपुरोहित, शंकरसिंह राजपुरोहित, श्याम दैया, मुकेश कुमार, गणपत पन्नु, मनोज अग्रवाल, महेश व्यास, नर्सिंग प्रशिक्षक पारसमल कुमावत सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य बसंत परिहार ने चिकित्सा विभाग की टीम का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में स्वस्थ भविष्य की नींव रखते हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button