google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

बाली में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘यूनिटी मार्च’ का आयोजन, युवाओं ने दी एकता और आत्मनिर्भर भारत की शपथ

पाली : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन और मेरा युवा भारत (माय भारत) पाली के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को बाली में जिला स्तरीय “यूनिटी मार्च” पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती श्रृंखला के समापन के अवसर पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त जिला कलक्टर शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पीएमश्री राजकीय बालिका विद्यालय, बाली से हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने ‘लौह पुरुष’ सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। नगरपालिका सभापति भरत चौधरी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ। इसके पश्चात अतिरिक्त जिला कलक्टर शैलेन्द्र सिंह ने उपस्थित युवाओं को आत्मनिर्भर भारत की शपथ दिलाई।

पदयात्रा महाराणा प्रताप चौक, पृथ्वीराज चौहान सर्कल, किला मैदान और नगरपालिका मार्ग से होती हुई पुनः विद्यालय परिसर में पहुँची, जहाँ कार्यक्रम का समापन हुआ। मार्च के दौरान युवाओं ने तिरंगा झंडा और एकता के नारे लगाते हुए ‘अनेकता में एकता’ का सशक्त संदेश दिया।
यात्रा के मार्ग में महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया गया। समापन कार्यक्रम में सभापति भरत चौधरी ने उपस्थित सभी को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई।

जिला युवा अधिकारी राजेन्द्र जाखड़ ने बताया कि पदयात्रा में एनएसएस, एनसीसी, मेरा युवा भारत संगठन, शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग के युवा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।

इस अवसर पर उपसभापति नरेन्द्र सिंह, उपखंड अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर कैलाश मीणा, पूर्व एलडीएम धर्मेन्द्र बैरवा, विकास अधिकारी भोपालसिंह जोधा, ईओ राजल राव, बीसीएमओ हितेन्द्र वागोरिया, नायब तहसीलदार मनमोहन सिंह, प्राचार्य मीना परमार, पोकरराम चौधरी, नैनाराम चौधरी, भंवरसिंह राजपुरोहित, भरत तोसावरा सहित अनेक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. प्रवीण वैष्णव ने किया तथा तहसीलदार जितेन्द्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button