google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : बाल दिवस पर कानूनी जागरूकता का बड़ा कार्यक्रम, बच्चों को अधिकारों व सुरक्षा की दी जानकारी

पाली : राष्ट्रीय बाल दिवस के अवसर पर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाली द्वारा रेनबो पब्लिक स्कूल, नया गांव में विस्तृत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सकारात्मक वातावरण का निर्माण, सामाजिक बुराइयों से दूर रखने और उन्हें समाज का जिम्मेदार व सशक्त हिस्सा बनाने पर केंद्रित रहा।

कार्यक्रम का संचालन अधिकार मित्र मांगीलाल तंवर ने किया। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने बच्चों को संबोधित करते हुए बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष 14 नवंबर को बाल दिवस बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके संपूर्ण विकास को समर्पित दिवस के रूप में मनाया जाता है।

सचिव भाटी ने बच्चों को बाल विवाह, बाल श्रम, शिक्षा के अधिकार, स्वास्थ्य सुविधाओं और उनके संरक्षण से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। साथ ही नालसा हेल्पलाइन, नालसा पोर्टल तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया।

स्थायी लोक अदालत पाली के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में “न्याय आपके द्वार–लोक उपयोगिता समस्याओं का सुलभ एवं त्वरित समाधान” नाम से राज्यव्यापी विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत बिजली, पानी, बैंकिंग, बीमा, नगर निकाय, परिवहन, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, एलपीजी, आवास व भू-सम्पदा जैसी जनोपयोगी सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का स्थायी लोक अदालत में निःशुल्क समाधान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शिकायतें सरल हस्तलिखित प्रार्थना-पत्र या निर्धारित प्रारूप के साथ रालसा के मोबाइल नंबर 9119365734 पर व्हाट्सएप के माध्यम से भी भेजी जा सकती हैं। कार्यक्रम में रेनबो पब्लिक स्कूल के निदेशक राजेंद्र आर्या, अधिकार मित्र मांगीलाल तंवर, शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button