मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में पाली ERO कार्यालय की हेल्प डेस्क बनी सहारा, मतदाताओं की बढ़ रही भीड़

पाली : विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान पाली ERO कार्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क मतदाताओं के लिए बड़ी राहत बनकर उभरी है। निर्वाचन विभाग की ओर से चल रहे इस महत्वपूर्ण अभियान के बीच जहां बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं, वहीं हेल्प डेस्क मतदाताओं को फॉर्म भरने में आने वाली दिक्कतों का तुरंत समाधान उपलब्ध करा रही है।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि हेल्प डेस्क पर निर्वाचन क्षेत्र का कोई भी मतदाता कार्यालय समय में पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित जानकारी, गणना प्रपत्र और वर्ष 2002 की मतदाता सूची की स्थिति तक जान सकता है। इससे पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता और गति दोनों आई है।

उपखंड अधिकारी राणावत ने मतदाताओं से अपील की कि बीएलओ के घर आने से पहले आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें, ताकि गणना प्रपत्र भरते समय किसी तरह की देरी या परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि गणना प्रपत्र ऑफलाइन के साथ-साथ निर्वाचन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं।
हेल्प डेस्क का संचालन ललित कुमार दवे, अनिल नामा, ओमप्रकाश कुमावत, कल्याण सिंह टेवाली, रमेश अणकिया, सुरेश व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, राजेश कुमार सैन, सवाई सिंह राजपुरोहित, भवानी सिंह, लोकेश दवे, मनोज कुमार रांगी, पारसराम, सुरेश चौधरी और अनिता पारीक सहित कई कार्मिक कर रहे हैं।
विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान इस हेल्प डेस्क ने मतदाता जागरूकता व सहयोग के स्तर को नई गति दी है, जिससे मतदाता सूची का अद्यतन कार्य और अधिक सुगम व व्यवस्थित हो गया है।



