सोजत में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर जिला स्तरीय यूनिटी मार्च, सांसद–विधायक ने दिलाई एकता और आत्मनिर्भर भारत की शपथ

पाली : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार और जिला प्रशासन के नेतृत्व में सोजत शहर में सरदार पटेल की 150वीं जयंती श्रृंखला के तहत भव्य जिला स्तरीय यूनिटी मार्च पदयात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सोजत विधायक शोभा चौहान, नगर पालिका सभापति मंजू जुगलकिशोर निकुंम, प्रधान धोबली देवी सहित अतिथियों द्वारा सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित कर हुई।
विधायक शोभा चौहान ने युवाओं को एकता की शपथ दिलाते हुए विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और प्रगति में युवा शक्ति सबसे मजबूत आधार है।

पदयात्रा नगरपालिका से शुरू होकर बस स्टैंड से होते हुए पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में संपन्न हुई। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद पी. पी. चौधरी ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा ले हम सभी को एक मजबूत, आत्मनिर्भर और स्वदेशी भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। सांसद ने युवाओं को आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित के लिए समर्पण की शपथ भी दिलाई।

मार्च के दौरान युवाओं ने तख्तियों और तिरंगे के साथ देशभक्ति व एकता का संदेश दिया। जिला युवा अधिकारी राजेंद्र जाखड़ ने बताया कि पदयात्रा में एनएसएस, मेरा युवा भारत, भारत स्काउट एंड गाइड, शिक्षा व उच्च शिक्षा विभाग के युवा, आमजन और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
समारोह में निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी मसिंगाराम, विकास अधिकारी सुरेश कविया, पदयात्रा संयोजक भंवरलाल सैणचा, समाजसेवी दिग्विजय सिंह, जुगलकिशोर निकुंम, मोहन जाट, डीआर चौधरी, मेरा युवा भारत से भंवरसिंह राजपुरोहित सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। यह जिला स्तरीय यूनिटी मार्च युवाओं में राष्ट्रभावना और सरदार पटेल के आदर्शों को प्रोत्साहित करने का एक मजबूत प्रयास साबित हुआ।



