पाली : मतदाता सूची SIR अभियान पर कॉलेज संगोष्ठी, अधिकारियों ने बताया—युवा वोटर सबसे बड़ी ताकत

पाली, 19 नवम्बर। जिले में चल रहे विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) अभियान को गति देने के लिए बुधवार को भारतेंदु कॉलेज, पाली में एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी आयोजित की गई। यह कार्यक्रम निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत के निर्देशन में और भारतीय विद्या मंदिर प्रबंध समिति के सहयोग से संपन्न हुआ।
सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिलीप करमचंदानी ने बताया कि संगोष्ठी में दक्ष प्रशिक्षकों ने SIR अभियान के उद्देश्य, इसकी उपयोगिता और प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवा मतदाताओं को जोड़ने, त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने और जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी चंद्रेश पाल सिंह करनोत, दक्ष प्रशिक्षक सत्यनारायण, ओमप्रकाश, मुकेश और देवदत्त जोशी ने अपने विचार प्रस्तुत किए। सभी वक्ताओं ने SIR के सुचारू क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सुझाव दिए और कॉलेज के विद्यार्थियों तथा स्टाफ को प्रक्रिया से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय की ओर से निदेशक सुनील जोशी, गोविंद खोरवाल, धीरज दवे, नवीन सिंह, विश्वास जोशी, हिमांशु सोनी, अंबालाल, हीरालाल, आकाश, जसोदा, भावना, उत्त्पल सिंह, निर्मला सहित कई संकाय सदस्य और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने कहा कि SIR अभियान न सिर्फ चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाता है बल्कि युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी को भी मजबूत करता है। प्रतिभागियों ने इस संगोष्ठी को “नई ऊर्जा और दिशा देने वाला” बताया।



