पाली : पल्स पोलियो अभियान के लिए जनजागरण रैली, 23 नवंबर को सभी बच्चों को दवा पिलाने की अपील

पाली : जिले में 23 नवंबर 2025 को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान को लेकर शनिवार को पाली शहर सहित पूरे जिले में व्यापक जागरूकता रैली आयोजित की गई। जिला मुख्यालय पर रैली का शुभारंभ बांगड़ अस्पताल से किया गया, जिसे कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. आर.के. बिश्नोई, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग और आरसीएचओ डॉ. विजेंद्र पाल सिंह चुंडावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सीएमएचओ पाली डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि रैली शहर के सूरजपोल सहित विभिन्न क्षेत्रों से निकाली गई, जिसमें एएनएम ट्रेनिंग सेंटर एवं जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। रैली के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने “दो बूंद जिंदगी की”, “23 नवंबर पोलियो रविवार”, “पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक अवश्य पिलाएं”, “एक भी बच्चा छूटा तो सुरक्षा चक्र टूटा” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
रैली में बांगड़ चिकित्सालय के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. स्वर्णकार, एएनएमटीसी प्रधानाचार्य के.सी. सैनी, जीएनएमटीसी प्रधानाचार्य राजेश सोनी, नर्सिंग प्रशिक्षक तुलसीराम शर्मा, पारसमल कुमावत, भूपेन्द्र कुमार, ललितसिंह, महावीर बाघमार, विकास चौहान, रूपेन्द्र भाटी, दिलीप कच्छावा, मनीषा, राजाराम रेपिया, हेमलता पंवार, आईईसी समन्वयक नंदलाल शर्मा, आशा समन्वयक कुलदीप गोस्वामी, रेवन्तराम, मोहम्मद यूनुस, कुलदीप पाल, हुसैन सहित कई चिकित्सा अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर के माता-पिता से अपील की है कि 23 नवंबर को आयोजित पल्स पोलियो अभियान के दौरान पाँच वर्ष तक के हर बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा दवा से वंचित न रहे।



