पाली में श्री सुमतिनाथ जिनालय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य शुभारम्भ, भक्ति–संस्कृति का अद्भुत संगम

पाली। मातेश्वरी कॉलोनी स्थित श्री सुमतिनाथ जिनालय में रविवार से शुरू हुए अंजनशलाका प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पहले ही दिन भक्ति, धर्म और सांस्कृतिक वैभव का अनोखा वातावरण देखने को मिला। सुबह परम पूज्य नित्यानंद गुरुदेव म.सा. का समुद्र विहार से गाजे-बाजे के साथ संघ सहित भव्य मंगल प्रवेश हुआ, जिसका नेहरूनगर से मातेश्वरी कॉलोनी तक जगह-जगह स्वागत किया गया।
मातेश्वरी कॉलोनी विकास समिति अध्यक्ष पारसमल भंडारी एवं सचिव मनोज लोढ़ा ने बताया कि प्रथम दिवस पर नव-निर्मित सुमति भवन, कमरों, चुग्गा घर और केसर कक्ष का विधिवत शुभ उद्घाटन किया गया।

उद्घाटन एवं लाभार्थी परिवारों में
सुमति भवन: देवेंद्र धोका परिवार, चुग्गा घर: पारसमल रेड परिवार, केसर कक्ष व कमरे: उत्तमचंद सिंघवी परिवार, अन्य कमरा: मुलचंद भंसाली परिवार शामिल रहे। इसके पश्चात आयोजित धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।
च्यवन कल्याण का भव्य राजदरबार मंचन
दोपहर में भगवान के च्यवन कल्याण का प्रभावशाली राजदरबार मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसमें माता-पिता, इंद्र-इंद्राणी, मामा-मामी, प्रियंवदा, दासी एवं अन्य पात्रों ने जीवंत अभिनय कर प्रसंग को साकार कर दिया। माता के 14 सपनों की नृत्यात्मक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

भक्ति संध्या ने बांधा आध्यात्मिक रंग
शाम को प्रसिद्ध संगीतकार राजेंद्र करणपुरिया द्वारा आयोजित भक्ति संध्या में भक्तिरस से भरे गीतों ने पूरे परिसर में एक अद्भुत आध्यात्मिक माहौल बना दिया। पूरे दिन के कार्यक्रमों में अनुशासन, भक्ति, संस्कृति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्वितीय संगम नजर आया।
दूसरे दिन होंगे अनेक आध्यात्मिक आयोजन
अमरचंद बोहरा और सज्जनराज गुलेच्छा ने बताया कि सोमवार को भावा, जन्म कल्याणक (राजदरबार), मेरु पर्वत पर अभिषेक, गुरूदेव का प्रवचन, 18 अभिषेक, पंचकल्याणक कार्यक्रम तथा शाम को प्रतिष्ठा की मुख्य जाजम अयोध्या नगरी में लगाई जाएगी।
रात्रि में अण्रवुत नगर पांडाल में भव्य भक्ति संध्या का आयोजन होगा।



