पाली : तंबाकू-मुक्त युवा अभियान तेज़, विधि महाविद्यालय में जागरूकता सत्र आयोजित

पाली : युवा पीढ़ी को नशे और तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से चल रहे ‘नई किरण योजना’ तथा ‘तंबाकू-मुक्त युवा अभियान 3.0’ के अंतर्गत जिले में व्यापक जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। अभियान आगामी 8 दिसंबर तक चलाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि सोमवार को पाली स्थित राजकीय विधि महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित हुआ। इसमें राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के सायकोलॉजिस्ट एवं एएनएमटीसी प्रिंसिपल के.सी. सैनी ने छात्रों को तंबाकू और विभिन्न नशे के गंभीर दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सैनी ने छात्रों से नशा-मुक्त जीवन का संकल्प लेते हुए कहा—
“तंबाकू सेवन करने वालों को कैंसर और असमय मृत्यु के अलावा कुछ हासिल नहीं होता। जीवन स्वस्थ और सुरक्षित तभी है, जब तंबाकू से दूरी बनाई जाए।”

सत्र के दौरान तंबाकू एवं नशा मुक्ति की शपथ भी दिलवाई गई। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले में कोटपा अधिनियम 2003 का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। सभी शिक्षण संस्थानों, चिकित्सा संस्थानों, आंगनवाड़ी केंद्रों और कार्यालयों को तंबाकू-मुक्त परिसर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों के तहत— परिसर के भीतर और 100 गज की परिधि में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित, तंबाकू निषेध साइनबोर्ड अनिवार्य, तंबाकू के दुष्परिणामों से जुड़े पोस्टर्स लगाने के निर्देश, उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर चालान की कार्रवाई आमजन को जागरूक करने के लिए स्थानीय स्तर पर वीडियो संदेश भी प्रसारित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. तपन पुरोहित, फैकल्टी सदस्य आरिफ अली मोयल, कीर्तिपाल शर्मा, डॉ. नेमीचंद, नर्सिंग प्रशिक्षक पारसमल कुमावत, एनटीसीपी डीईओ रेवन्तराम, तथा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में महाविद्यालय प्रशासन ने चिकित्सा विभाग के प्रयासों की सराहना की और आभार जताया।



