जापान में उच्च शिक्षा व रोजगार पर बॉगड़ कॉलेज में प्रेरक व्याख्यान, छात्रों में दिखा उत्साह

पाली : राजकीय बॉगड़ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पाली में सोमवार को विदेशी शिक्षा और रोजगार के अवसरों पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ओसाका, जापान स्थित सरताज फूड प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ श्याम सिंह राजपुरोहित ने विद्यार्थियों को जापान सहित विदेशों में उच्च शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि व्याख्यान के दौरान श्याम सिंह राजपुरोहित ने विद्यार्थियों को आलस्य त्यागकर लगन, अनुशासन और मेहनत को जीवन का मूल मंत्र बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पाली के विद्यार्थी भी विदेशों में सफल होकर भारत का गौरव बढ़ा सकते हैं।
राजपुरोहित ने विद्यार्थियों को यह भी आश्वासन दिया कि जो भी छात्र जापान में नौकरी या उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, उन्हें वे सभी प्रकार का सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। यह सुनकर छात्रों में विशेष उत्साह देखा गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे और उन्होंने कई सवाल पूछते हुए जापान में करियर विकल्पों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर डॉ. संगीता आर्य, डॉ. मनीषा औदिच्या, विश्वमैत्री सहायक आचार्य सहित कई संकाय सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहे।



