बांगड़ अस्पताल में ‘आग’ से मचा हड़कंप, बाद में निकली मॉकड्रिल—स्टाफ व मरीजों की सांसें अटकी

पाली : बांगड़ अस्पताल में सोमवार दोपहर अचानक कोविड ओपीडी क्षेत्र से धुआं उठता देख स्टाफ, मरीजों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही मिनटों में पूरा परिसर सतर्क मोड में आ गया। कई कर्मचारी राहत और बचाव कार्य की तैयारी में जुट गए, तो वहीं मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। धुएं की सूचना पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से तुरंत दमकल विभाग को भी अवगत कराया गया, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
कुछ समय तक हड़कंप की स्थिति बनी रही, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि यह पूरा घटनाक्रम फायर सेफ्टी की मॉकड्रिल का हिस्सा था।
अस्पताल के अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. आर.के. विश्नोई ने बताया कि यह ड्रिल अस्पताल की आपदा प्रबंधन क्षमता को परखने और स्टाफ को आपात स्थिति के लिए तैयार करने हेतु आयोजित की गई थी। मॉकड्रिल के दौरान आग लगने पर बचाव, निकासी और नियंत्रण की कार्यवाही का अभ्यास कराया गया।
अचानक हुई इस ड्रिल से जहां कई लोगों की धड़कनें तेज हो गईं, वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि ऐसे अभ्यास वास्तविक परिस्थितियों में जान बचाने में अत्यंत मददगार साबित होते हैं।



