पाली : मेगा रोजगार शिविर, 1100 युवाओं ने लगाया रोजगार का ‘मेला’, 365 का प्राथमिक चयन — 242 को विभागीय योजनाओं का लाभ

पाली : जिले के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लेकर आया एक दिवसीय मेगा रोजगार एवं मार्गदर्शन सहायता शिविर मंगलवार को राजकीय बागड़ कॉलेज, पाली में आयोजित हुआ। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला रोजगार कार्यालय एवं जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस शिविर में हजारों युवाओं के सपनों को पंख लगाने का प्रयास किया गया।
जिला रोजगार अधिकारी मनीष थोरी ने बताया कि शिविर के लिए 30 हजार से अधिक युवाओं को एसएमएम ईईएमएस पोर्टल, बैनर, पेम्फलेट और सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना दी गई थी। इसी के परिणामस्वरूप जिलेभर से करीब 1100 बेरोजगार युवा मौके पर पहुंचे। निजी कंपनियों में 365 युवाओं का प्राथमिक चयन

रोजगार शिविर में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों—
सेलो फालना, L&T Construction, PG Foils Ltd., Ambuja Cement Foundation, Sintex Ltd., महाराजा श्री उम्मेद मिल्स, Bharti Airtel Foundation, Maruti Institute आदि—ने भाग लेकर युवाओं का साक्षात्कार लिया। इन कंपनियों ने मिलकर 365 युवाओं का प्राथमिक चयन किया, जो उनके लिए रोजगार की दिशा में बड़ा कदम साबित हुआ।

सरकारी विभागों ने भी दी रोजगार और कौशल विकास की सौगात
शिविर में सरकारी विभागों ने भी अपनी योजनाओं और अवसरों का व्यापक प्रदर्शन किया।
इनमें भारतीय वायु सेना, LIC, ITI, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, अल्पसंख्यक विभाग, SC/ST वित्त एवं विकास निगम, RSLDC, I-Start (DoIT&C) सहित कई विभाग मौजूद रहे। इन विभागों के प्रयास से 242 युवा विभिन्न योजनाओं और मार्गदर्शन सेवाओं से लाभान्वित हुए।

युवाओं में दिखा उत्साह, आयोजन को मिली सराहना
रोजगार शिविर में युवाओं का उत्साह देखते ही बना। अधिकांश अभ्यर्थियों ने कहा कि एक ही स्थान पर इतने विकल्प मिलना उनके लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुआ। जिला प्रशासन और रोजगार कार्यालय टीम के प्रयासों से यह आयोजन पाली जिले में एक सफल रोजगार पहल के रूप में दर्ज हुआ।



