
पाली : जिले के सांडेराव थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है, जहां एक होटल की पार्किंग में खड़ी स्कॉर्पियो का कांच तोड़कर अज्ञात चोर करीब 35 लाख रुपये के सोने–चांदी के गहने चोरी करके फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब वाहन मालिक दंपती होटल में चाय पी रहे थे। कुछ ही मिनटों में पूरी वारदात को अंजाम देकर बदमाश बाइक से मौके से निकल गए।
धामसीन (जालोर) निवासी वीरेंद्रपाल सिंह पुत्र छेलसिंह ने सांडेराव थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट के अनुसार 22 नवंबर को वह अपनी पत्नी गिनीराज के साथ रिश्ते के साले की शादी में गुड़ा जेतसिंह गए थे। 25 नवंबर को दोनों शादी समारोह से लौटकर धामसीन गांव जा रहे थे। रास्ते में बिरामी टोल के पास स्थित नमस्ते होटल पर चाय पीने के लिए रुके और स्कॉर्पियो को होटल की पार्किंग में खड़ा किया।
चाय पीकर वापस लौटे तो देखा कि स्कॉर्पियो का एक कांच टूटा हुआ था और अंदर रखा गहनों से भरा बैग गायब था। बैग एक सूटकेस में रखा हुआ था, जिसमें करीब 35 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के जेवर थे।
रिपोर्ट में बताया गया कि घटना के दौरान गाड़ी के पास बाइक पर दो युवक खड़े दिखाई दिए थे। होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी दो संदिग्ध बाइक पर जाते नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है। सांडेराव पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ–साथ इलाके की नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश कर रही है।



