नशा मुक्ति व संविधान जागरूकता की नई पहल, पाली कन्या महाविद्यालय में दो सत्रों का विशेष शिविर आयोजित

पाली : श्रीमती गुमान बाई पन्नालाल भंसाली राजकीय कन्या महाविद्यालय, पाली में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा द्वितीय एक दिवसीय विशेष शिविर के तहत “नई किरण: नशा मुक्त भारत अभियान” एवं संविधान दिवस पर आधारित दो महत्वपूर्ण कार्यशालाएँ आयोजित की गईं। कार्यक्रम का शुभारम्भ कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. प्रसेन पंवार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
पहला सत्र: नशा मुक्ति पर जागरूकता
मुख्य वक्ता व NSS कार्यक्रम अधिकारी प्रो. मुकेश पाणेचा ने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। महाविद्यालय में स्थापित “नई किरण: नशा मुक्ति केंद्र” के संयोजक प्रो. राकेश मीणा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और समुदाय में नशे के प्रति बढ़ती प्रवृत्ति को रोकना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरण को बढ़ावा देना है।
NSS कार्यक्रम अधिकारी प्रो. कुलदीप राखेचा ने छात्राओं को नशे से दूर रहने, समाज में जागरूकता फैलाने और सकारात्मक वातावरण बनाने का संदेश दिया। इस दौरान छात्रों ने नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी ली।
दूसरा सत्र: संविधान दिवस और विधिक जागरूकता
महिला अध्ययन प्रकोष्ठ की संयोजक प्रो. रवीना व सदस्य प्रो. राजकिरण ने संविधान निर्माण प्रक्रिया, संविधान निर्माताओं के योगदान एवं नागरिकों की लोकतांत्रिक भूमिका पर प्रकाश डाला। सत्र के मुख्य वक्ता मांगीलाल तंवर, विधिक सलाहकार (अधिकार मित्र), ने नि:शुल्क विधिक सेवा प्राधिकरण, दहेज निषेध, कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम कानून, नालसा हेल्पलाइन 15100 तथा न्याय आपके द्वार जैसी महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी प्रदान की।
सखी वन स्टॉप सेंटर, बांगर अस्पताल पाली की प्रबंधक देवी बामणिया ने महिलाओं के लिए उपलब्ध अस्थायी आवास, परामर्श, पुलिस व विधिक सहायता तथा मेडिकल सुविधा जैसी नि:शुल्क सेवाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने मौलिक अधिकारों व कर्तव्यों पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। प्रो. भोजराज चारण ने डॉ. हरिओम पंवार की कविता “मैं भारत का संविधान” का सशक्त पाठ कर सभी को भावविभोर किया। इसके बाद उपस्थित जनसमूह ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।
प्राचार्य का संदेश
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य प्रो. पंवार ने छात्राओं को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुँचाने व इसे सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्यों लीला चौधरी, ज्योति शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



