राष्ट्रीय जंबूरी में राजस्थान का दबदबा, सभी 20 प्रतियोगिताओं में प्रथम, ओवरऑल चैंपियन बनकर फहराया परचम

पाली : भारत स्काउट गाइड, राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी (23-29 नवंबर 2025) में राजस्थान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी 20 प्रतियोगिताओं में पहला स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया। 29 नवंबर को आयोजित पुरस्कार समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. अनिल कुमार जैन ने राजस्थान दल के पदाधिकारियों को सर्वोच्च अवार्ड की नेशनल कमिश्नर स्काउट शील्ड, गाइड शील्ड और ओवरऑल चीफ नेशनल कमिश्नर अवार्ड प्रदान किए। कार्यक्रम में अध्यक्ष उत्तर प्रदेश स्काउट महेंद्र सिंह, चीफ नेशनल कमिश्नर डॉ. केके खंडेलवाल और कई राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

राजस्थान से 1703 स्काउट-गाइड जंबूरी में शामिल हुए और बेहतरीन प्रदर्शन कर हर प्रतियोगिता में वर्चस्व जमाया।
राज्य के मुख्य आयुक्त निरंजन आर्य ने दल को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि राजस्थान के कर्मठ एवं जोशीले स्काउट गाइड की मेहनत का परिणाम है।

पाली जिले से सबसे बड़ा दल—91 सदस्य—ने प्रतिनिधित्व किया।
जोधपुर संभाग से दल नेता गाइड सीओ डिंपल देवल के नेतृत्व में स्काउट गाइड बैंड एवं मार्च-पास्ट टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया।
जंबूरी के उद्घाटन समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, तथा समापन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा समारोह में मौजूद रहे।

पाली जिले के स्काउट गाइडों ने सोजत की मेहंदी की स्टॉल लगाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। गुलाब हलवा सहित खाद्य उत्पादों ने फूड प्लाजा में देश-विदेश से आए स्काउट गाइडों का मन जीत लिया। चन्द्राज पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोजत रोड के स्काउट गाइड बैंड ने उद्घाटन और समापन दोनों समारोहों में सर्वोत्तम प्रस्तुति दी। राजस्थान का दल जयपुर से स्पेशल ट्रेन द्वारा जंबूरी स्थल पहुँचा। जंबूरी में आयोजित विभिन्न रोमांचक और कौशल आधारित प्रतियोगिताओं में राजस्थान पहले स्थान पर रहा।

जंबूरी से लौटने पर पाली जिले के सभी स्काउट-गाइड सदस्यों का सीओ गाइड डिंपल दवे के निर्देशन में गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
जिला अध्यक्ष महेंद्र बोहरा, जिला प्रशिक्षण आयुक्त लीला जैन, पुरुषोत्तमपुरी गोस्वामी सहित स्काउट गाइड परिवार ने विजेताओं को बधाई दी।



