google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जिला कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश: रणकपुर-जवाई महोत्सव व सरकारी उपलब्धियों की प्रदर्शनी की तैयारियां तेज करें

पाली : कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में आगामी रणकपुर-जवाई महोत्सव और राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर होने वाली जिला स्तरीय प्रदर्शनी की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई।

कलेक्टर मंत्री ने बताया कि सरकार की उपलब्धियों पर आधारित भव्य जिला स्तरीय प्रदर्शनी बांगड़ कॉलेज परिसर में आयोजित होगी। इसके लिए सभी विभागों को अपने-अपने कार्यों व उपलब्धियों के छायाचित्र एवं विवरण शीघ्र जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आने वाली जिला दर्शन विकास पुस्तक के प्रकाशन हेतु सामग्री को समय पर एकत्र करने पर भी जोर दिया।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के बकाया प्रकरणों, भूमि आवंटन, डीएफटी, एसडीआरएफ कार्यों तथा पीडब्ल्यूडी की प्रगतिरत योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को महीने के अंत तक सभी प्रगतिरत कार्य गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कृषि विभाग से यूरिया उपलब्धता व वितरण की अद्यतन जानकारी लेते हुए कहा कि राज्य सरकार के ‘धन-धान्य से भरपूर राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने हेतु विभाग गंभीरता से कार्य करें। कलेक्टर ने कहा कि एनएफएसए सूची में पात्र व्यक्तियों को तुरंत जोड़ा जाए, ताकि गरीब को उसका अधिकार समय पर मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में डेयरी विभाग को बूथ आवंटन व उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को पशु बीमा व टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के लिए कहा गया। कलेक्टर ने उपलब्ध वैक्सीन व दवाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए आगामी आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। बैंक अधिकारियों को खाता धारकों को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में कलेक्टर मंत्री ने सभी विभागों को पुनः निर्देशित किया कि रणकपुर-जवाई महोत्सव व जिला स्तरीय प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेंद्र मेहता, उपखंड अधिकारी विमलेंद्र राणावत, जिला रसद अधिकारी मनजीत सिंह, जिला परिवहन अधिकारी गणपत लाल, पीडब्ल्यूडी एसई दिलीप परिहार, जिला रोजगार अधिकारी मनीष थोरी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button