दिव्यांगजन दिवस पर पाली में प्रतिभाओं का खूबल सम्मान, मेहनत और हौसले की बनी मिसालें

पाली : अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर उपखंड प्रशासन एवं महिला सुरक्षा सहयोगी समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में जिले के प्रतिभाशाली दिव्यांगजन को स्मृति चिन्ह प्रदान कर विशेष सम्मानित किया गया। समारोह ने न केवल उनकी उपलब्धियों को रेखांकित किया, बल्कि समाज के सामने यह संदेश भी रखा कि दिव्यांगजन अपनी मेहनत और लगन से हर क्षेत्र में बुलंदियां हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने कहा कि दिव्यांगजन आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा, अपनी कड़ी मेहनत और हौसले की उड़ान से दिव्यांगजन सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उन्हें स्वयं को कमजोर नहीं, बल्कि सबसे मजबूत समझना चाहिए।

महिला सुरक्षा सहयोगी समिति के संस्थापक अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने कहा कि दिव्यांगजन अनोखी प्रतिभा के धनी होते हैं और जरूरत है तो केवल उन्हें पहचानने व तराशने की। उन्होंने सफलता के नए आयाम छूने के लिए प्रेरक टिप्स भी साझा किए।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले दिव्यांगजन को सम्मानित किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से –
शांति भाटी, रूपावास चारणान निवासी, तैराकी में गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदक विजेता, डा. रेखा सीरवी, विभागाध्यक्ष, चर्मरोग, राजेन्द्र चौहान, हारमोनियम व तबला निर्माता, जालम सिंह राजपुरोहित, पंचायत शिक्षक, आदि को स्मृति चिन्ह देकर विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में पाली पूर्व प्रधान शोभा सोलंकी, डा. मांगीलाल चौधरी, आर. डी. वैष्णव, अचला शर्मा, कमला शर्मा, जितेन्द्र आडवाणी, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, ललित कुमार दवे, अनिल नामा, राजेश कुमार सैन सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।



