पाली : कांग्रेस की नई ऊर्जा शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा पदभार ग्रहण करेंगे, 9 दिसंबर को कार्यकर्ताओं का जुटान

पाली : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा को नव–नियुक्त जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद जिलेभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है। जिले के सभी ब्लॉक, नगर और अग्रिम संगठनों से हजारों कांग्रेसजन 9 दिसंबर को पाली पहुंचकर कांग्रेस भवन में होने वाले पदभार ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे। पदभार ग्रहण के बाद निम्बाड़ा का भव्य स्वागत भी किया जाएगा।
नए जिलाध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम को लेकर जिले भर में कांग्रेस कार्यकर्ता तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं के जत्थे बड़े उत्साह के साथ पाली पहुँचने की तैयारी में हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि, विधायक, पूर्व विधायक, लोकसभा व विधानसभा प्रत्याशी, वरिष्ठ नेता, आमंत्रित अतिथि, जिला–ब्लॉक–नगर कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रिम संगठन और सेवादल के सदस्य भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। सभी का एक ही लक्ष्य—संगठन को नई मजबूती देना।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जबर सिंह राजपुरोहित ने जिले के सभी पुराने और नए साथियों, विशेषकर सेवादल के वरिष्ठ सदस्यों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा:
“शिशुपाल सिंह संगठन के अनुभवी और समर्पित नेता हैं। वे प्रत्येक कांग्रेसजन के सम्मान और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में सक्षम हैं। ऐसे समय में हमारा दायित्व है कि हम सब एकजुट होकर पार्टी हित में सदैव तत्पर रहें।” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ही उनकी पहचान है और सशक्त कांग्रेस ही कार्यकर्ताओं का सम्मान है।
“हमें व्यक्तिगत मतभेदों व व्यक्तिवाद को त्यागकर कांग्रेस आलाकमान और हाथ के चिन्ह को प्राथमिकता देनी होगी। देश, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस की एकता आज समय की मांग है। यदि हमने यह जिम्मेदारी नहीं निभाई तो आने वाली पीढ़ियां हमें क्षमा नहीं करेंगी।”
जबर सिंह राजपुरोहित ने अंतिम संदेश देते हुए कहा कि 9 दिसंबर के कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचकर कांग्रेस की एकता व मजबूती का संदेश देना वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति में अत्यंत आवश्यक है।



