राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे: मुख्य सचिव की वीसी में जिलेवार उपलब्धियों की पुस्तिका तैयारी तेज

पाली : राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले राज्यव्यापी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर गुरुवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग में हुई इस बैठक में संभागीय आयुक्तों और सभी जिला कलेक्टरों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हिस्सा लिया।
बैठक में जिलावार और विधानसभावार उपलब्धियों की पुस्तिकाओं को अंतिम रूप देने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सरकार द्वारा दो साल में संचालित योजनाओं, लाभार्थियों की संख्या और प्रदत्त राशि का संपूर्ण विवरण पारदर्शी और प्रमाणिक तौर पर जनता तक पहुँचना चाहिए।

पाली जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने जिले के सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए बीते दो वर्षों में किए गए कार्यों का संकलन तैयार कर जल्द उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि “राज्य सरकार की योजनाओं से कितने लोगों को कितना प्रत्यक्ष लाभ मिला, यह जानकारी पुस्तिका के माध्यम से आमजन तक स्पष्ट रूप से पहुंचनी चाहिए।”
समीक्षा बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर बजरंग सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, जिला परिषद सीईओ मुकेश चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी ओपी बैरवा, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, पशुपालन संयुक्त निदेशक मनोज पंवार, सीएमएचओ विकास मारवाल, जिला राशन अधिकारी मनजीत सिंह, पीडब्ल्यूडी के दिलीप परिहार, एडीईओ प्रवीण सुथार, बांगड़ महाविद्यालय प्राचार्य महेंद्र सिंह राजपुरोहित सहित वन, सांख्यिकी और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



