वकील संघ चुनाव में गहमागहमी तेज, पूर्व अध्यक्ष पी.एम. जोशी सहित कई प्रत्याशियों ने दाखिल किए नामांकन

पाली : जिला न्यायालय परिसर पूरे दिन चुनावी रंग में डूबा रहा। जैसे-जैसे वकील संघ चुनाव के नामांकन की अंतिम तिथि नजदीक आ रही है, अधिवक्ताओं में उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। परिसर में समूहों में जुटे वकीलों की चर्चा का केंद्र केवल चुनावी समीकरण और संभावित मुकाबले रहे।
मुख्य चुनाव अधिकारी गजेन्द्र सिंह मेड़तिया ने बताया कि आज विभिन्न पदों के लिए कई महत्वपूर्ण दावेदारों ने नामांकन प्रस्तुत किए।
अध्यक्ष पद के लिए पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता पी.एम. जोशी ने समर्थकों के बड़े समूह के साथ नामांकन दाखिल किया। जोशी इससे पूर्व दो बार संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं, ऐसे में उनके मैदान में उतरने से चुनाव में रोमांच और बढ़ गया है।
अन्य पदों पर भी जोरदार नामांकन
उपाध्यक्ष पद: गिरधारीलाल परमार ने दाखिल किया नामांकन, सह सचिव पद: कुंदन चौहान और आशीष अरोड़ा ने किया दावा, पुस्तकालय सचिव: हेमाराम ने पेश किया नामांकन, युवा प्रतिनिधि: सदाम काज़ी ने दर्ज कराया नामांकन, कार्यकारिणी सदस्य पद: भवानी सिंह, गणपत सिंह राजपुरोहित और प्रवीण साहू ने दायर किए नामांकन
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि कल दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। अंतिम दिन भारी संख्या में अधिवक्ताओं के नामांकन दाखिल होने की संभावना जताई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान चुनाव अधिकारी महेंद्र सिंह मेड़तिया, लक्ष्मीनारायण वैष्णव, तथा पर्यवेक्षक मुस्ताक अहमद, दशरथ सिंह और किरण मीणा उपस्थित रहे।



