पाली : मानवता की मिसाल, दिव्यांग आश्रम में मेडिकल टीम पहुँची, 75 से अधिक दिव्यांगजन हुए लाभान्वित

पाली : महिला सुरक्षा सहयोगी समिति, पाली और दिव्यांग सेवा संस्थान पाली के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को चिमनपुरा रोड स्थित दिव्यांग सेवा संस्थान में विशेष दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। दोपहर 12 से 2 बजे तक चले इस शिविर में शहर के 10 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ देकर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की।
संस्थान में वर्तमान में 75 से अधिक दिव्यांगजन निवासरत हैं। उन्हें एक साथ अस्पताल ले जाना मुश्किल था, लेकिन पाली के चिकित्सकों ने स्वयं आश्रम पहुँचकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण व उपचार किया। इस सेवा भावना की संस्थान के संस्थापक झालाराम देवासी जोयला और महिला सुरक्षा सहयोगी समिति के संस्थापक अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने सराहना करते हुए चिकित्सकों को “भगवान का दूसरा अवतार” बताया।

शिविर में विभिन्न विशेषज्ञों ने अपने-अपने क्षेत्र में दिव्यांगजनों की जांच की:
ईएनटी विशेषज्ञ: डॉ. गौरव कटारिया, फिजिशियन: डॉ. भरत सेजू, सर्जन: डॉ. राजेश कुमार, दंत विशेषज्ञ: डॉ. विजय बॉस, चर्म रोग विशेषज्ञ: डॉ. नारायणी मेघवाल, पैथोलॉजिस्ट: डॉ. सरिता परिहार, ब्लड बैंक प्रभारी: डॉ. मांगीलाल चौधरी, फिजियोथेरेपिस्ट: डॉ. विकास परिहार, डॉ. वीरेंद्र चौधरी, डॉ. गर्विता, डॉ. कृष्णा देवासी
चिकित्सा शिविर के दौरान के.सी. सेनी, नर्सिंग अधिकारी राजूदास वैष्णव, सिंदरू सरपंच नरेन्द्र देवासी, जोराराम देवासी बिरामी, अचला शर्मा, वीणा जांगिड़, कमला शर्मा, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, राधेश्याम भाटी, मांगीलाल तंवर, अशोक वैष्णव, राजू देवासी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



