पाली : सेवार्थियों का महाकुंभ 52वीं जिला स्तरीय मंत्रालयिक कर्मचारी खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता आज से शुरू

पाली : शहर के राजेंद्र नगर भालेलाव रोड स्थित वंदे मातरम एकेडमी उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार से दो दिवसीय 52वीं जिला स्तरीय शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारी खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का भव्य आगाज होगा। जिलेभर के मंत्रालयिक कर्मचारी इस आयोजन में भाग लेकर खेलों और सांस्कृतिक कला का प्रदर्शन करेंगे।
जिला अध्यक्ष मुकेश बोहरा ने बताया कि प्रतियोगिता में इस वर्ष विभिन्न खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों को शामिल किया गया है, जिनमें बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, केरम, शतरंज, बैडमिंटन, कबड्डी, फुटबॉल टेनिस, क्रिकेट, रस्सा-कस्सी, लंगड़ी, खो-खो, लंबी कूद, त्रिकूद, तश्तरी फेंक, भाला फेंक, गोला फेंक जैसी ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाएँ शामिल हैं।
सांस्कृतिक वर्ग में सुगम संगीत, एकल अभिनय, एकल नृत्य, विचित्र वेशभूषा, हारमोनियम वादन, तबला वादन, ढोलक वादन, झांझ वादन समेत विभिन्न कार्यक्रम होंगे। दो दिनों तक चलने वाला यह आयोजन पाली जिले के मंत्रालयिक कर्मचारियों की प्रतिभा और उत्साह का केंद्र बनने वाला है।
प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए रविवार को आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, दिनेश कंसारा, राजेश माथुर, दिनेश गिरी, विनोद शर्मा, राहुल परमार, अजयपाल सिंह चंपावत, गिरवर सिंह राव, मुकेश मेवाड़ा, देवेन्द्र रूनवाल आदि मौजूद रहे।



