google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का पाली दौरा, अस्पताल-स्कूलों का औचक निरीक्षण, मंदिर दर्शन और गांव की सफाई व्यवस्था पर दिए कड़े निर्देश

पाली : राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर मंगलवार को पाली जिले के व्यापक दौरे पर रहे। मंत्री दिलावर ने पंचायत समिति मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के जाणुंदा गांव पहुंचकर भामाशाह द्वारा निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौसमी बीमारियों के उपचार, दवाइयों की उपलब्धता और अस्पताल स्टाफ की उपस्थिति सहित कई बिंदुओं पर जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने चामुंडा माता मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंत्री दिलावर देवली (आउवा) स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने शिक्षा स्तर की स्वयं जांच की। विद्यार्थियों से पाठ पढ़वाकर अध्ययन गुणवत्ता का आकलन किया। अध्यापकों को अध्यापन कार्य में सुधार के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यालय में प्रतिदिन सूर्य नमस्कार, वंदे मातरम, राष्ट्रीय गीत को प्रार्थना सभा का अनिवार्य हिस्सा बनाने के निर्देश दिए। उनके आगमन पर विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ का गायन किया।

विद्यालय परिसर के बीच से गुजर रही 33 केवी लाइन को हटाकर अन्यत्र स्थापित करने का आग्रह विद्यालय परिवार ने रखा, जिस पर मंत्री ने उपखंड अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समाधान का आश्वासन दिया।

मंत्री दिलावर ने देवली ग्राम में सफाई व्यवस्था की भी बारीकी से जांच की। वे स्वयं गांव की गलियों में घूमकर स्वच्छता स्थिति का जायजा लेते नजर आए। इस दौरान उन्होंने पूर्व विधायक खंगारराम चौधरी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

जाणुंदा विद्यालय में आयोजित आचार्य श्री तुलसी दीक्षा शताब्दी समारोह में भी मंत्री दिलावर शामिल हुए, जहां उन्होंने युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “जनसेवा और मानव सेवा जीवन का सर्वोच्च धर्म है। प्रत्येक मनुष्य को इसे अपनाना चाहिए।”
उन्होंने कार्यक्रम में आमंत्रित विधायक केसाराम चौधरी के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली।

दौरे के बाद मंत्री दिलावर सड़क मार्ग से जयपुर के लिए रवाना हुए। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी महावीर सिंह जोधा, जिला शिक्षा अधिकारी राहुल राजपुरोहित, विधायक केसाराम चौधरी, प्रधान मंगलाराम सहित जैन समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button