google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : मंत्रालयिक कर्मचारियों का महाकुंभ, 52वीं खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का भव्य समापन, प्रतिभाओं को मिला सम्मान

पाली : वंदे मातरम एकेडमी उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को आयोजित 52वीं मंत्रालयिक कर्मचारी खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में जिलेभर के मंत्रालयिक कार्मिकों ने खेल मैदान से लेकर मंच तक अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के साथ आगामी वर्ष में सेवानिवृत्त होने वाले 14 मंत्रालयिक कर्मचारियों, राज्य स्तर पर सम्मानित 5 और जिला प्रशासन से सम्मानित 3 कार्मिकों सहित 7 सहायक कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

उपजिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक (माध्यमिक) बलवीर सिंह राणावत ने बताया कि प्रतियोगिता में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, केरम, शतरंज, बैडमिंटन, कबड्डी, फुटबॉल टेनिस, क्रिकेट, रस्साकस्सी, लंगड़ी, खो-खो, लंबी कूद, त्रिकूद, तश्तरी फेंक, भाला फेंक, गोला फेंक सहित विभिन्न दौड़ों के साथ सांस्कृतिक विधाओं—सुगम संगीत, एकल अभिनय, एकल नृत्य, विचित्र वेशभूषा, हारमोनियम, तबला, ढोलक वादन एवं झांझ वादन—में भी चयन किया गया।

मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा मंडल पाली रिछपाल सिंह ने कहा कि “मंत्रालयिक कार्मिक शिक्षा विभाग की रीढ़ हैं। उनके बिना विभाग की कोई योजना सफल नहीं हो सकती।” उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों से कर्मचारियों में छिपी प्रतिभाएं सामने आती हैं और उन्हें नई ऊर्जा मिलती है।

जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राहुल राजपुरोहित ने कहा कि खेलों में जीत-हार से ज्यादा महत्व खेल भावना का होता है। मंत्रालयिक कर्मचारी दिनभर फाइलों में उलझे रहते हैं, ऐसे आयोजनों से तनाव कम होता है और नई स्फूर्ति मिलती है।

मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिलीप करमचंदानी ने कहा कि विद्यालय से लेकर कार्यालय तक मंत्रालयिक कर्मचारी हर व्यवस्था की मजबूत कड़ी होते हैं, इनके बिना विभाग की योजनाएं बाधित हो जाती हैं।

मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार ने बताया कि सम्मान समारोह में अगले वर्ष सेवानिवृत्त होने वाले 14 मंत्रालयिक कर्मचारियों, राज्य स्तर पर सम्मानित 5—वीणा शर्मा, कमल श्रीवास्तव, ओमप्रकाश परमार, राजेश माथुर, राहुल परमार—जिला स्तर पर सम्मानित 3—किशोर लालवानी, मुकेश मेवाड़ा, महिपाल गर्ग—एवं 7 सहायक कर्मचारियों को माला, साफा, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में निर्णायक मंडल और विभागीय अधिकारियों के साथ कार्मिक संघ के पदाधिकारी, महिला कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button