पाली : अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर बांगड़ कॉलेज में व्याख्यान, मानवाधिकारों को बताया सम्मान व समानता की आधारशिला

पाली : राजकीय बांगड़ पीजी महाविद्यालय, पाली में अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर मानवाधिकारों के महत्व विषयक व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. कीर्तिपाल सिंह ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम और मानवाधिकारों की वैश्विक अवधारणा पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला।
मानवाधिकार क्लब प्रभारी डॉ. अनुपम चतुर्वेदी ने बताया कि डॉ. कीर्तिपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मानवाधिकार प्रत्येक मनुष्य को जन्म से प्राप्त ऐसे मूलभूत अधिकार हैं, जो व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन, स्वतंत्रता और समानता सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि मानवाधिकार समाज में भेदभाव, उत्पीड़न और अन्याय के विरुद्ध सुरक्षा कवच का कार्य करते हैं, इसलिए इनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने कहा कि मानवाधिकार राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शांति, समानता और मानव गौरव स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की 1948 की सार्वभौमिक मानवाधिकार घोषणा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस घोषणा ने सभी मनुष्यों को समान अधिकार देकर दुनिया भर की सरकारों को जवाबदेह बनाया है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. अनिल सिसोदिया ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. गिरीश मल्ल ने किया। कार्यक्रम में डॉ. रश्मि त्रिवेदी, डॉ. रमेश चांवला सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



