पाली : सड़क सुरक्षा पर बड़ा एक्शन, हादसे रोकने के लिए कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश, 15 दिवसीय जागरूकता अभियान 11 दिसंबर से शुरू

पाली : जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने की, जिसमें दुर्घटना संभावित स्थानों की समीक्षा कर इन पर तुरंत प्रभाव से सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने समिति के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे चिन्हित दुर्घटनास्थलों पर मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति के अनुसार प्रभावी उपाय सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों की मुख्य वजहों की पड़ताल कर समय रहते सुधार करना अनिवार्य है। बैठक में बताया गया कि 11 दिसंबर से 25 दिसंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसका शुभारंभ 11 दिसंबर को सुबह 11 बजे सूरजपोल चौराहे से किया जाएगा।
इस दौरान व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें हेलमेट की अनिवार्यता, सीट बेल्ट के उपयोग, सुरक्षित ड्राइविंग, ट्रैफिक नियमों के पालन
जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा। कलेक्टर ने पुलिस और परिवहन विभाग को ओवरलोडिंग और ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिले के प्राइवेट विद्यालयों की सभी बाल वाहिनी (स्कूल बसें) 18 दिसंबर को बांगड़ कॉलेज परिसर में पहुंचेंगी, जहां उनकी भौतिक जांच की जाएगी।
ड्राइवरों को बाल वाहिनी नियमों की जानकारी भी दी जाएगी।
कलेक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग और आरएसआरटीसी अधिकारियों को सड़क किनारे व मोड़ों पर उगी झाड़ियों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए ताकि दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आदर्श सिंधु, परिवहन अधिकारी ओ.पी. बेरवा, पीडब्ल्यूडी के दिलीप परिहार, डीवाईएसपी सुधड़ सिंह, नगर परिषद आयुक्त नवीन भारद्वाज, RSRTC और राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



