पाली : भंसाली राजकीय कन्या महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने लिया संकल्प, “ईमानदारी से करेंगे मतदान”, स्वीप कार्यक्रम के तहत भाषण प्रतियोगिता आयोजित

पाली : भंसाली राजकीय कन्या महाविद्यालय, पाली में बुधवार को स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत “हमारे वोट का संवैधानिक अधिकार और नैतिक मतदाता का महत्व” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाना और उन्हें लोकतंत्र की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. विनिता कोका ने की। उन्होंने संविधान में निहित मतदान के अधिकार, मौलिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि एक जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव रखता है।
कार्यक्रम में ईएलसी (ELC) प्रभारी एवं सहायक आचार्य देवीलाल चौधरी तथा सदस्य लीला चौधरी उपस्थित रहे। दोनों ने छात्रों को मतदान प्रक्रिया, मतदाता की नैतिक जिम्मेदारियों और लोकतंत्र में युवाओं की महत्ता पर मार्गदर्शन दिया।
सहायक आचार्य राजकिरण (राजनीति विज्ञान) ने विद्यार्थियों को संविधान, मौलिक अधिकारों तथा एक जागरूक व जिम्मेदार मतदाता के गुणों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उनके वक्तव्य ने छात्राओं को मतदान के संवैधानिक महत्व और मानवाधिकारों की भूमिका को गहराई से समझने की प्रेरणा दी।
भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अंत में सभी ने ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ मतदान करने का संकल्प लिया, जो लोकतंत्र की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



