google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली को एनीमिया मुक्त बनाने की पहल, ‘पिंक पखवाड़ा’ में गर्भवती महिलाओं को मिल रहा मुफ्त एफसीएम इंजेक्शन

पाली : पाली जिले को एनीमिया मुक्त बनाने की दिशा में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष अभियान ‘पिंक पखवाड़ा’ चलाया जा रहा है, जो 15 दिसंबर तक जारी रहेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं में खून की कमी दूर कर उन्हें स्वस्थ बनाना है।

अभियान के तहत चयनित एनीमिक गर्भवती महिलाओं को चिकित्सक की निगरानी में निशुल्क फेरिक कार्बोक्सी माल्टोज (एफसीएम) इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि जिन गर्भवती महिलाओं में हीमोग्लोबिन स्तर अत्यंत कम है और आयरन की गोलियां लेने के बावजूद सुधार नहीं हो रहा, उन्हें चिकित्सकीय परामर्श के बाद एफसीएम इंजेक्शन दिया जा रहा है।

सीएमएचओ मारवाल ने स्पष्ट किया कि एफसीएम इंजेक्शन पूरी तरह सुरक्षित है और इससे शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर तेजी से बढ़ता है, जिससे गर्भवती महिलाओं और होने वाले शिशु दोनों का स्वास्थ्य बेहतर होता है।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि एनीमिया को हल्के में न लें। यदि चक्कर आना, अत्यधिक थकान, कमजोरी या सांस फूलने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं। समय पर इलाज से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।

चिकित्सा विभाग का यह अभियान मातृ स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम माना जा रहा है, जिससे पाली जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में भी सहायता मिलेगी।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button