सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत पाली में निकली वाहन रैली, एडीएम बजरंग सिंह ने दिखाई हरी झंडी

पाली : राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सुशासन पखवाड़े एवं सड़क सुरक्षा सप्ताह के तृतीय दिवस शनिवार को पाली में परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली को अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

वाहन रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि आज से सभी राजकीय कर्मचारियों के लिए दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य किया गया है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

रैली में कालिका यूनिट के पुलिस जवानों के साथ बड़ी संख्या में राजकीय कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला परिवहन अधिकारी गणपतलाल पुनड़, ट्रैफिक सीआई निर्मा बिश्नोई सहित पुलिस विभाग व विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



