बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान अभियान के तहत पाली जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचे विकास रथ

पाली : राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी सरकार के दो वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार राज्यभर में “बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान” अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पाली जिले की सुमेरपुर, बाली, पाली, जैतारण एवं मारवाड़ जंक्शन विधानसभा क्षेत्रों में विकास रथों का आगमन हुआ।
जिला प्रवक्ता तिलोक चौधरी ने बताया कि “दो साल – नव उत्थान, नई पहचान” थीम पर आधारित ये रथ जिले के प्रत्येक गांव, गली, चौराहा, वार्ड एवं कॉलोनी में पहुंचकर आमजन को राज्य सरकार के दो वर्षों के उपलब्धिपूर्ण कार्यकाल की जानकारी देंगे। अभियान के माध्यम से सरकार द्वारा किए गए विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी स्थानों पर विधिवत पूजा-अर्चना कर रथों को रवाना किया गया, ताकि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंच सके।

जिला प्रवक्ता ने बताया कि भाजपा सरकार ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। खाद्य सुरक्षा योजना में 36 लाख अपात्रों को हटाकर 65 लाख नए पात्र लाभार्थियों को जोड़ा गया। किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत प्रदेश के किसानों को ₹9000 करोड़ से अधिक की राशि वितरित की गई।
राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2024 के माध्यम से ₹35 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना को प्रभावी रूप से लागू किया गया। लाडो प्रोत्साहन योजना में सहायता राशि बढ़ाकर ₹1.5 लाख की गई। अन्नपूर्णा रसोई योजना में प्रति थाली अनुदान ₹17 से बढ़ाकर ₹22 किया गया। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में सहायता राशि ₹5000 से बढ़ाकर ₹6500 की गई, जिससे 9 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हुईं। इसके साथ ही 10.51 लाख विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित की गईं, 18 लाख से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया तथा 3.2 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया गया।
पाली जिले में निकले ये विकास रथ सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और जनसंवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माने जा रहे हैं।



