कंकू विजय महाविद्यालय में सांस्कृतिक–खेल सप्ताह का समापन, प्रशिक्षणार्थियों का रणकपुर–नाडोल शैक्षणिक भ्रमण

पाली : शहर के खैरवा रोड स्थित कंकू विजय महाविद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक एवं खेल सप्ताह का समापन रविवार को भव्य रूप से किया गया। समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्रशिक्षणार्थियों को रणकपुर जैन मंदिर एवं नाडोल स्थित आशापुरा माताजी मंदिर का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया, जिससे विद्यार्थियों को इतिहास, संस्कृति एवं वास्तुकला को नजदीक से जानने का अवसर मिला।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. करण सेन ने बताया कि सांस्कृतिक एवं खेल सप्ताह के दौरान आशु भाषण, कविता पाठ, गायन, वाद-विवाद, गोला फेंक, लंबी कूद, ऊँची कूद, बाधा दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने विश्वविख्यात रणकपुर जैन मंदिर की अद्वितीय शिल्पकला एवं भव्य स्थापत्य को प्रत्यक्ष रूप से देखा और उसकी सराहना की। साथ ही नाडोल स्थित आशापुरा माताजी मंदिर में दर्शन कर धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को भी समझा। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक और यादगार अनुभव बताया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के निदेशक डॉ. अभिषेक जैन, व्याख्याता दिनेश विश्नोई, गोविंद सेन, प्रवीण द्विवेदी, प्रीति परिहार, लता महावर सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने प्रशिक्षणार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।



