सुमेरपुर में 52वीं मंडल स्तरीय मंत्रालयिक खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का भव्य आगाज

पाली : जिला मुख्यालय के सुमेरपुर उपखंड क्षेत्र के जवाई बांध रोड स्थित वाईबेंट हाई स्कूल में सोमवार से दो दिवसीय 52वीं मंडल स्तरीय शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारी खेलकूद एवं सांस्कृतिक चयन प्रतियोगिता का समारोहपूर्वक आगाज किया जाएगा। प्रतियोगिता में पाली, जालोर एवं सिरोही जिलों के शिक्षा विभाग के मंत्रालयिक कार्मिक भाग लेंगे।
संस्थान के निदेशक डॉ. नारायण विश्नोई ने बताया कि मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के अंतर्गत बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो, लंगोरी, रस्साकशी, लंबी कूद, त्रिकूद, गोला फेंक, भाला फेंक, तश्तरी फेंक सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।
इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में सुगम संगीत, एकाभिनय, लोक नृत्य, विचित्र वेशभूषा, हारमोनियम वादन, तबला वादन, ढोलक वादन एवं झांझ वादन जैसी प्रस्तुतियाँ भी होंगी।
प्रतियोगिता में पाली, जालोर और सिरोही जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को उप जिला शिक्षा अधिकारी (शा. शिक्षा) बलवीर सिंह राणावत, वाईबेंट हाई स्कूल के चेयरमैन महावीर सिंह, शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश बोहरा, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, शिक्षक छोटू सिंह, हेमंत ओझा सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयोजन को लेकर मंत्रालयिक कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।



