
पाली : जिला मुख्यालय के सुमेरपुर उपखंड क्षेत्र स्थित जवाई बांध रोड पर वाईबेंट हाई स्कूल में सोमवार से 52वीं मंडल स्तरीय शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारी खेलकूद एवं सांस्कृतिक चयन प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में पाली, जालोर एवं सिरोही जिलों से आए मंत्रालयिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा मंडल पाली के अधीन उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) डॉ. भूपेन्द्र सोढा ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात तीनों जिलों से आए प्रतिभागियों का पंजीयन कर खेलों के अनुसार टीमों का गठन किया गया।

उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) बलवीर सिंह राणावत ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, बैडमिंटन, कबड्डी, फुटबॉल टेनिस, क्रिकेट, रस्साकशी, लंगड़ी, खो-खो, लंबी कूद, त्रिकूद, तश्तरी फेंक, भाला फेंक, गोला फेंक सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया गया।
इसके साथ ही सुगम संगीत, एकाभिनय, एकल नृत्य, विचित्र वेशभूषा, हारमोनियम, तबला, ढोलक एवं झांझ वादन जैसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरे जोश और दमखम के साथ मुकाबले किए। वाईबेंट हाई स्कूल के निदेशक डॉ. नारायण विश्नोई एवं चेयरमेन महावीर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को किया जाएगा।

उद्घाटन अवसर पर संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा मंडल पाली रिछपाल सिंह, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय-माध्यमिक) राहुल राजपुरोहित, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक गजेन्द्र सिंह राणावत, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुमेरपुर भवानी सिंह राणावत, विजय सिंह गुर्जर, डिम्पल चौधरी सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश बोहरा, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, शारीरिक शिक्षक हनुवंत सिंह राठौड़, नरेन्द्र सिंह देवड़ा, राम नारायण सिंह, ललिता शर्मा, प्रकाश कंवर, शिक्षक छोटू सिंह, भंवर पटेल (सिरोही), जितेन्द्र गोस्वामी, प्रकाश सिंह सोलंकी, प्रेम सिंह परमार, महिपाल गर्ग, हेमंत ओझा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी व खेलप्रेमी मौजूद रहे।




