सड़कों पर जीवन बिताने वाले बच्चों के लिए सर्दियों की सौगात, 251 जरूरतमंद बच्चों को वितरित किए ऊनी वस्त्र

पाली : कड़ाके की ठंड को देखते हुए शहर में मानवीय संवेदना की एक प्रेरक मिसाल सामने आई है। महिला सुरक्षा सहयोगी समिति, पाली के तत्वावधान में सड़कों और झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंद बच्चों को ऊनी वस्त्रों का वितरण किया गया। इस सेवा अभियान के अंतर्गत जैकेट, स्वेटर, पजामा एवं ऊनी कैप बच्चों को पहनाई गई।
समिति के अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने बताया कि समाजसेवी अजय आदिवाल के सहयोग से करीब 251 गरीब बच्चों को ऊनी कपड़े वितरित किए गए। ये वे बच्चे हैं जो अपने माता-पिता के साथ सड़कों पर गुब्बारे एवं अन्य छोटी-मोटी सामग्री बेचकर जीवन यापन करते हैं और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं।

अजय आदिवाल द्वारा हर वर्ष सर्दी के मौसम में इस तरह का सेवा कार्य किया जाता है, जिससे बेसहारा बच्चों को ठंड से राहत मिल सके। ऊनी कपड़े पाकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और खुशी साफ दिखाई दी।
इस सेवा कार्य में ईश्वर गिरी, नानू चांवरिया, देव कुमार सहित अन्य समाजसेवी भी उपस्थित रहे। आयोजन ने यह संदेश दिया कि समाज के वंचित वर्गों के लिए छोटा सा सहयोग भी उनके जीवन में बड़ी राहत ला सकता है।



