पाली : मतदाता सूची 2026 का प्रारूप प्रकाशित, 16 दिसम्बर से 15 जनवरी तक दावे-आपत्तियां आमंत्रित

पाली : विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को पाली जिले की मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन जिला निर्वाचन अधिकारी एल.एन. मंत्री की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एल.एन. मंत्री ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में 27 अक्टूबर 2025 को विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम घोषित किया गया था। इसके अंतर्गत 11 नवम्बर से 11 दिसम्बर 2025 तक गणना चरण संपन्न हुआ, जिसमें सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर संग्रहण किया गया।

गहन पुनरीक्षण से पूर्व पाली जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल 15,13,072 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 13,87,523 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र भरकर जमा कराए, जिनके नाम मंगलवार को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में सम्मिलित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि गणना चरण के दौरान 06 से 08 दिसम्बर 2025 तक जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ द्वारा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में अप्राप्त गणना प्रपत्रों की सूची कारण सहित एजेंटों को उपलब्ध कराई गई। यह जानकारी जिले की वेबसाइट pali.rajasthan.gov.in पर भी सार्वजनिक की गई है।

गणना चरण में कुल 1,25,549 गणना प्रपत्र अप्राप्त रहे, जिनमें मृत मतदाता : 23,517, स्थायी रूप से स्थानांतरित : 73,579, अनुपस्थित : 19,820, एकाधिक स्थान पर पंजीकरण : 7,346, अन्य कारण : 1,287 शामिल हैं। इनकी सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान की वेबसाइट एवं जिला वेबसाइट पर उपलब्ध है तथा मतदान केंद्रों, ग्राम पंचायत मुख्यालयों एवं नगरीय निकाय कार्यालयों पर भी चस्पा की जा रही है।
इस दौरान 5,933 फॉर्म-6 ऑनलाइन एवं 3,211 फॉर्म-6 ऑफलाइन बीएलओ के माध्यम से प्राप्त हुए हैं, जिनके नाम नियमानुसार जांच के बाद मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। फॉर्म-6 प्राप्त करने की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। नागरिक वोटर हेल्पलाइन ऐप, वोटर सर्विस पोर्टल या बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। जो युवा 01 अप्रैल, 01 जुलाई या 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करेंगे, वे भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।

मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया गया है। पूर्व में 1397 मतदान केंद्र थे, जिनका पुनर्गठन कर 234 नए मतदान केंद्र सृजित किए गए। वर्तमान में पाली जिले में कुल 1631 मतदान केंद्र हो गए हैं और अब किसी भी केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं हैं।
आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 दिसम्बर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। इस अवधि में फॉर्म-6, 7 एवं 8 के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत किए जा सकते हैं। ईआरओ के निर्णय के विरुद्ध 15 दिवस में प्रथम अपील जिला मजिस्ट्रेट तथा 30 दिवस में द्वितीय अपील मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष की जा सकेगी।



