जोधपुर में ऑल इंडिया हज खिदमतगार कॉन्फ्रेंस, पाली सहित देशभर के सेवाभावी खिदमतगार सम्मानित

पाली : मारवाड़ हज वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में जोधपुर स्थित होटल जमजम में आयोजित ऑल इंडिया हज खिदमतगार कॉन्फ्रेंस में देश के विभिन्न राज्यों से आए हज खिदमतगारों, समाजसेवियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य हज यात्रियों की सेवा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाना तथा खिदमतगारों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान हज यात्रियों की निःस्वार्थ सेवा में सतत सक्रिय रहने वाले खिदमतगारों का सोसायटी अध्यक्ष अल्हाज सलीम चौहान एवं महासचिव हाजी अब्दुल जब्बार द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय हज कमेटी के ट्रेनर आमीन अली रंगरेज ने हज यात्रा के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, मार्गदर्शन एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
कॉन्फ्रेंस में पाली जिले के हज खिदमतगारों में हज ट्रेनर आमीन अली रंगरेज, अमजद अल्फाज़, आमीन गौरी, मोहम्मद यासीन रॉयल एवं मकबूल अहमद (चूड़ीघर) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उनके द्वारा हज यात्रियों को दी जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि हज खिदमतगार यात्रियों के लिए मार्गदर्शक, सहयोगी एवं संरक्षक की अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय हज कमेटी के पूर्व सदस्य हाजी इब्राहिम शेख (महाराष्ट्र), गुजरात हज कमेटी के चेयरमैन हाजी इकबाल सैय्यद, स्टेट हज कमेटी के पूर्व सदस्य हाजी शहीद मोहम्मद (जयपुर) सहित देश व प्रदेशभर से आए अनेक हज खिदमतगार उपस्थित रहे। कॉन्फ्रेंस सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।



