पाली : जिला स्तरीय महिला सम्मेलन बना सशक्तिकरण का मंच, सीएम ने योजनाओं की राशि डीबीटी से की जारी

पाली : महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण को लेकर शुक्रवार को जिला परिषद सभागार, पाली में जिला स्तरीय महिला सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन, धौलपुरा का सीधा प्रसारण एवं संवाद कार्यक्रम भी जिला परिषद सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बालिकाएं शामिल हुईं।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से पालनहार योजना, उच्च शिक्षा के लिए चयनित विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति योजना तथा अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों की पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की राशि लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की। साथ ही मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत आउट-बोइंग पोर्टेबिलिटी योजना का शुभारंभ भी किया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा विभाग की ओर से चयनित महिलाओं को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। वहीं रसद विभाग द्वारा उज्ज्वला गैस योजना की लाभार्थी महिलाओं को गैस डायरी सौंपी गई। राजीविका समूह के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों को चेक प्रदान कर उन्हें आर्थिक संबल दिया गया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि ज्ञानचंद पारख ने उपस्थितजनों को राष्ट्रहित की शपथ दिलाई। इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग (माध्यमिक) की ओर से बालिकाओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण कर शिक्षा के प्रति उन्हें प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, जनप्रतिनिधि महेंद्र बोहरा, रामनारायण साबू, अतिरिक्त जिला कलेक्टर बजरंग सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेंद्र मेहता, जिला रसद अधिकारी मनजीत सिंह, शिक्षा विभाग माध्यमिक के अधिकारी राहुल राजपुरोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं एवं बालिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।





