खौड ग्राम पंचायत में प्रशासन की तत्परता का उदाहरण, एक ही दिन में मिला मृत्यु प्रमाण पत्र

पाली : पंचायत समिति रानी की खौड ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण समस्या समाधान शिविर ने संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन का सशक्त उदाहरण पेश किया। शिविर के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर प्रशासन ने लोगों का भरोसा मजबूत किया है।
शुक्रवार को ग्राम खौड निवासी खरताराम नारिंग ने अपनी माताजी स्वर्गीय किकी नरिंगराम के मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया। आमतौर पर इस प्रक्रिया में कई दिन या सप्ताह लग जाते हैं, लेकिन समस्या समाधान शिविर के दौरान प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसी दिन मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर आवेदक को सौंप दिया।
तहसीलदार मोहनलाल ने मौके पर ही मृत्यु प्रमाण पत्र का वितरण किया, जिससे आवेदक को विभिन्न शासकीय एवं निजी कार्यों में हो रही परेशानियों से तत्काल राहत मिली। प्रमाण पत्र मिलने पर खरताराम नारिंग चौधरी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के शिविर आमजन के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। ग्रामीण समस्या समाधान शिविर में इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और संतोष का माहौल देखने को मिला।



