सुमेरपुर विधानसभा के गांवों तक पहुँचा विकास रथ, कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने किया स्वागत

पाली : राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजस्थान सरकार द्वारा प्रदेश की 200 विधानसभा क्षेत्रों में शुरू किए गए विकास रथ अभियान के तहत गुरुवार को पाली जिले की सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में विकास रथ पहुंचे। विकास रथों का ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं पशुपालन एवं गोपालन विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कार्यक्रम में भाग लेकर रथों का अवलोकन किया।
कैबिनेट मंत्री कुमावत ने बताया कि शुक्रवार को पावा, बंसत, खिमाडा एवं कोसेलाव गांवों में विकास रथ के पहुंचने पर ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ये विकास रथ नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक पहुंचकर राज्य सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी आमजन तक पहुँचा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने बीते दो वर्षों में ऐतिहासिक निर्णय और विकास कार्य किए हैं। विकास रथ के माध्यम से इन कार्यों और योजनाओं की जानकारी सीधे जनता तक दी जा रही है। रथों में लगी सुझाव पेटिका के जरिए आम नागरिक “विकसित राजस्थान” के लिए अपने सुझाव भी दे रहे हैं, जिन्हें आगामी बजट में शामिल किया जाएगा।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत कोसेलाव में आयोजित विकास रथ कार्यक्रम का कैबिनेट मंत्री ने निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत ग्रामीणों को पेंशन, बीमा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन एवं समस्याओं के समाधान की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है।

कुमावत ने कहा कि विशेष रूप से पशुपालकों को पशु बीमा योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी और मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जिससे उन्हें सीधा लाभ मिल रहा है और सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार ने पिछले दो वर्षों में बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं तथा गांव-गांव में व्यापक विकास कार्य कराए गए हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता है कि विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।



