सेवा पर्व में प्रशासन की तत्परता, पावा ग्राम में ग्रामीण सेवा शिविर में मौके पर हुआ विरासत नामांतरण

पाली : राज्य सरकार द्वारा संचालित सेवा पर्व पखवाड़ा आमजन के लिए राहत और सुविधा का माध्यम बनता जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को सुमेरपुर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत पावा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2025 में प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता देखने को मिली।
शिविर के दौरान ग्राम पावा निवासी कालूराम पुत्र वागाराम (जाति मीणा) ने अपनी भूमि के विरासत नामांतरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। प्रशासन ने आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही संबंधित भूमि का नामांतरण भरकर जमाबंदी तैयार की तथा नामांतरण एवं जमाबंदी की प्रमाणित प्रतियां तुरंत लाभार्थी को सौंप दीं।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार तखतगढ़ जितेन्द्र बबेरवाल, शिविर प्रभारी हंसमुखराज, अतिरिक्त विकास अधिकारी सुश्री करुणा राजपुरोहित (प्रशासक), प्रकाश सिंह राजपुरोहित (पावा), भू-अभिलेख निरीक्षक कन्हैयालाल सिरवी, पटवारी करण सिंह, ग्राम विकास अधिकारी गणपत सिंह एवं सतीश मीणा उपस्थित रहे।
मौके पर ही समस्या का समाधान मिलने से लाभार्थी एवं ग्रामीणों में संतोष और खुशी का माहौल रहा। उपस्थित ग्रामीणों ने ग्रामीण सेवा शिविर को अत्यंत उपयोगी बताते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि ऐसे शिविरों से उन्हें राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और समय पर राहत मिल रही है।



