ग्रामीण शिविर बना राहत का माध्यम, कोसेलाव में पुश्तैनी मकान का पट्टा मौके पर हुआ जारी

पाली : राज्य सरकार के निर्देशों पर जिलेभर में आयोजित “ग्रामीण समस्या समाधान शिविर–2025” आमजन के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। इसी क्रम में सुमेरपुर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कोसेलाव में आयोजित शिविर में वर्षों से लंबित आवासीय पट्टे का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।
ग्राम कोसेलाव निवासी तलसी बाई पत्नी बाबूलाल (जाति मेघवाल) द्वारा वर्ष 2021 में अपने पुत्र दिनेश कुमार के पुश्तैनी मकान के पट्टे के लिए प्रस्तुत आवेदन पर ग्राम पंचायत द्वारा नियमानुसार समस्त आवश्यक कार्यवाही पूर्ण की गई। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ग्रामीण समस्या समाधान शिविर में ही प्रकरण का निस्तारण करते हुए पुश्तैनी मकान का पट्टा जारी कर लाभार्थी को सौंपा गया।
पट्टा वितरण शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार जितेन्द्र बबेरवाल, प्रशासक सोनी देवी, ग्राम विकास अधिकारी भगवत सिंह राठौड़ तथा प्रशासक सदस्य महावीर सिंह जोधा, करण चौधरी, हिम्मताराम मीणा, मंछाराम प्रजापत, ईदाराम मेघवाल एवं दानाराम चौधरी की उपस्थिति में किया गया।
पट्टा मिलने से लाभार्थी परिवार को अपने आवास पर वैधानिक स्वामित्व प्राप्त हुआ है, जिससे भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेना अब सरल हो सकेगा। इस त्वरित समाधान पर लाभार्थी ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।



