शहरी समस्या समाधान शिविर बना आमजन के लिए राहत केंद्र, स्वनिधि ऋण, पट्टे और पेंशन का मौके पर निस्तारण

पाली : राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगरपालिका परिसर में आयोजित शहरी समस्या समाधान शिविर–2025 आमजन को त्वरित राहत प्रदान कर रहा है। 24 दिसम्बर 2025 तक चलने वाले इस शिविर के अंतर्गत शनिवार को बड़ी संख्या में नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 के तहत सात पात्र लाभार्थियों को 15 हजार, 25 हजार एवं 50 हजार रुपये की ऋण राशि स्वीकृत कर वितरित की गई, जिससे छोटे व्यवसायियों और रेहड़ी-पटरी वालों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिली।

इसके अलावा पट्टा प्रकरणों में नियमानुसार प्रक्रिया पूर्ण कर पांच पात्र नागरिकों को पट्टे जारी किए गए। वहीं, सामाजिक सुरक्षा के तहत 18 पेंशनधारियों की पेंशन का सत्यापन कर पुनः प्रारंभ किया गया। इसमें नेहरू कॉलोनी, फालना निवासी देवी माली पत्नी खेमचंदजी, जो पैरालिसिस से पीड़ित एवं आर्थिक रूप से कमजोर हैं, की लंबे समय से बंद पेंशन को शिविर में आवेदन प्रस्तुत करने पर तत्काल सत्यापन कर फिर से चालू किया गया, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली।
शिविर में अधिशासी अधिकारी विनयपाल, सहायक अभियंता, नगरपालिका अधिकारी शैलेन्द्र कुमार, कर्मचारी देवेन्द्र सिद्धावत, ललित कुमार, सहित अन्य पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और शिविर के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
शहरी समस्या समाधान शिविर में मिली त्वरित सेवाओं से लाभार्थियों एवं आम नागरिकों ने संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की इस जनकल्याणकारी पहल की खुले दिल से सराहना की।



