google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में पहली बार विश्वास मेडिटेशन का भव्य आयोजन, तीन दिवसीय निःशुल्क ध्यान साधना शिविर में उमड़े देशभर से साधक

पाली : विश्वास फाउंडेशन, हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में पाली शहर में प्रथम बार निःशुल्क तीन दिवसीय ध्यान साधना शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 20 से 22 दिसंबर तक बोमदड़ा रोड स्थित पालीवाल धाम में आयोजित है, जहां कड़ाके की ठंड के बावजूद करीब 200 से अधिक साधक गहन ध्यान साधना में लीन नजर आ रहे हैं।

विश्वास मेडिटेशन सेंटर पाली के प्रभारी ऋषि हरीश विश्वास ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष आध्यात्मिक आयोजन में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से साधक व साध्वियां पाली पहुंचे हैं। हिमाचल प्रदेश से पधारे ऋषियों के सानिध्य में तीन दिनों तक संगीतमय ध्यान साधना सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें साधक गहरी शांति एवं आत्मिक अनुभूति का अनुभव कर रहे हैं।

ऋषि हरीश विश्वास ने बताया कि मेडिटेशन मन से परे की अवस्था प्रदान करता है, जिससे तनाव, चिंता, अवसाद, अनिद्रा, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग जैसे अनेक मनोरोग स्वतः समाप्त होने लगते हैं। मेडिटेशन से बुद्धि प्रखर होती है, एकाग्रता एवं स्मरण शक्ति बढ़ती है, साथ ही व्यक्ति का आचरण और कार्य व्यवहार शुद्ध एवं कुशल बनता है। उन्होंने कहा कि ध्यान ही मनुष्य का वास्तविक धर्म है, जो उसे स्वस्थ, प्रेमपूर्ण और आनंदमय जीवन की ओर ले जाता है।

उन्होंने विश्वास मेडिटेशन को स्वत: सिद्ध महाविज्ञान बताते हुए कहा कि यह विश्वास इंटरनेशनल मिशन के संस्थापक परम पूज्य गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी की महान आध्यात्मिक देन है। यह न तो कोई व्यावसायिक प्रक्रिया है और न ही पुस्तकों या प्रशिक्षण पर आधारित है, बल्कि गुरु अनुकंपा के प्रसाद स्वरूप भीतर उतरने वाली ध्यान धारा है। इसमें किसी बाहरी साधन या माध्यम की आवश्यकता नहीं होती।

तीन दिवसीय शिविर के दौरान प्रतिदिन प्रातः, दोपहर एवं सायं ध्यान सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। पाली में आयोजित यह ध्यान शिविर न केवल आध्यात्मिक चेतना को जागृत कर रहा है, बल्कि आमजन को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा भी दे रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button